बिहारीगढ़ की अंग्रेजी शराब दुकान पर ओवररेटिंग का आरोप, ग्राहक से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि लेने का मामला

बिहारीगढ़ /बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। सहारनपुर जनपद के बिहारीगढ़ क्षेत्र में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर ओवररेटिंग के आरोप एक बार फिर सामने आए हैं। ताजा मामले में एक ग्राहक ने आरोप लगाया कि बिहारीगढ़ स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से खरीदी गई शराब की दो बोतलों के लिए निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 690 रुपये मूल्य वाली शराब की दो बोतलों के लिए दुकानदार द्वारा 700 रुपये प्रति बोतल के हिसाब से कुल 1,400 रुपये ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से लिए गए। जबकि एमआरपी के अनुसार कुल कीमत 1,380 रुपये बनती है। इस तरह ग्राहक से 20 रुपये अधिक वसूले जाने का आरोप है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। वहीं क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि शिकायतों के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे मामलों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

यदि ग्राहक के आरोप सही पाए जाते हैं तो यह आबकारी नियमों और उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन माना जा सकता है। अब देखना यह होगा कि आबकारी विभाग और जिला प्रशासन इस शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हैं या नहीं।


