11 साल से हरिद्वार में तैनाती पर उठे सवाल, ‘सांप प्रकरण’ के बाद भी नहीं बदला जिला!

रुड़की/हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस महकमे में एक एसएसआई की लंबे समय से एक ही जिले में तैनाती को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2015 से हरिद्वार में तैनात उक्त एसएसआई का चर्चित “सांप प्रकरण” में नाम आने और निलंबन की कार्रवाई के बाद भी दूसरे जिले में स्थानांतरण नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।
सूत्रों का दावा है कि उनके साथ तैनात कई पुलिस अधिकारी वर्षों पहले अन्य जनपदों में स्थानांतरित हो चुके हैं, जबकि संबंधित एसएसआई अब भी हरिद्वार में विभिन्न जिम्मेदारियों पर बने हुए हैं। इसे लेकर विभाग के भीतर स्थानांतरण नीति के समान अनुपालन पर चर्चा हो रही है।
महकमे के अंदर यह भी चर्चा है कि कई वरिष्ठ दरोगा लंबे समय से तबादले और महत्वपूर्ण तैनाती की प्रतीक्षा कर रहे हैं। हालांकि “सेटिंग-गेटिंग” जैसे आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस संबंध में विभाग की ओर से कोई सार्वजनिक बयान जारी किया गया है।
अब पुलिस महकमे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या लंबे समय से एक ही जिले में तैनात अधिकारियों के मामलों की समीक्षा कर स्थानांतरण नीति का समान रूप से पालन किया जाएगा। फिलहाल इस पूरे मामले पर पुलिस विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया आना बाकी है।

