हरिद्वार सनत शर्मा :- राजकमल कॉलेज में दीक्षारंभ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ
नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश

प्राचार्य डॉ राघवेंद्र चौहान
बहादराबाद, हरिद्वार। राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कॉलेज, बहादराबाद में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराने के उद्देश्य से दीक्षारंभ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम ने नए विद्यार्थियों में उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा, अनुशासन, संस्कार और उपलब्धियों से परिचित कराया। सफल विद्यार्थियों के उदाहरण देते हुए उन्होंने छात्र-छात्राओं से निरंतर मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
प्राचार्य डॉ. चौहान ने विद्यार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन-जागरूकता अभियानों की जानकारी देते हुए “एक पेड़ मां के नाम”, “हर घर तिरंगा” और “नशा मुक्त भारत अभियान” के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को सामाजिक जिम्मेदारी और जन-जागरूकता के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष विनीत कुमार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के तहत उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों, कौशल विकास, रोजगारपरक शिक्षा और समग्र व्यक्तित्व विकास की संभावनाओं से अवगत कराया।
दीक्षारंभ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, संस्कार और सामाजिक दायित्वों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों का स्वागत करना ही नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर शिक्षा और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करना भी रहा।
महाविद्यालय की सचिव श्रीमती राजेश देवी ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाकर विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रबंध समिति सदस्य दुष्यंत प्रताप एवं नितिन चौहान सहित प्रवक्तागण डॉ. दीक्षा चौहान, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, विनीत कुमार, प्रिया सैनी, नैंसी चौहान, अरबाब राव, सिया पाल, समीक्षा, विशाखा सिंह और राजदेव रावत मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

