हरिद्वार सनत शर्मा :- खानपुर से एक सकारात्मक विकास की खबर सामने आई है, जहां क्षेत्र की सुंदरता और सुरक्षा को बढ़ाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है।

खानपुर विधायक उमेश कुमार ने नगर पंचायत क्षेत्र में मुख्य मार्ग के डिवाइडर पर लगाई गई आकर्षक लाइटों का विधिवत लोकार्पण किया। इस मौके पर पूरा क्षेत्र उत्सव के माहौल में नजर आया।
उद्घाटन कार्यक्रम में नगर पंचायत ढंडेरा के सभी सभासद मौजूद रहे, वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और आतिशबाजी ने माहौल को और भी भव्य बना दिया। समर्थकों ने “उमेश कुमार जिंदाबाद” के नारे लगाकर विधायक का जोरदार स्वागत किया।
अपने संबोधन में विधायक उमेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र को सुंदर और सुरक्षित बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि डिवाइडर पर लगाई गई ये लाइटें रात के समय यातायात को सुगम बनाएंगी और शहर की सुंदरता को भी बढ़ाएंगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विधायक के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं।
यह पहल न केवल नगर की सूरत बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आमजन को बेहतर सुविधाएं देने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।


