हरिद्वार सनत शर्मा :-विकासनगर हत्याकांड पर विहिप का आक्रोश, दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई की मांग
हरिद्वार, । विश्व हिन्दू परिषद उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष रविदेव आनंद ने देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र स्थित वैरागीवाला में भाजपा नेता एवं हिन्दू समाज के सक्रिय कार्यकर्ता विनोद कश्यप की नृशंस हत्या पर गहरा दुःख और आक्रोश व्यक्त किया है।
जारी बयान में रविदेव आनंद ने कहा कि मामूली विवाद को लेकर सुनियोजित तरीके से संगठित भीड़ द्वारा घर में घुसकर विनोद कश्यप पर जानलेवा हमला किया गया और हथौड़ों से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने इस घटना को उत्तराखण्ड जैसे शांतिप्रिय राज्य के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती बताया।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं। विश्व हिन्दू परिषद इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है तथा संगठन के कार्यकर्ता परिवार को हर संभव सामाजिक, नैतिक और कानूनी सहयोग प्रदान करेंगे।
विहिप प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार और प्रशासन से मांग की कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोरतम धाराओं में कार्रवाई की जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष और त्वरित सुनवाई सुनिश्चित कर दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जाए।
रविदेव आनंद ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा और आर्थिक सहायता की भी मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामाजिक सौहार्द और कानून का राज बनाए रखने के लिए भीड़ हिंसा और संगठित अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाना आवश्यक है।

