हरिद्वार सनत शर्मा :- (हड़कंप) सत्यापन अभियान से क्षेत्र में मचा हड़कंप, 407 लोगों का सत्यापन – 50 मकान मालिकों पर 5 लाख का चालान

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थाना सिडकुल पुलिस ने महादेवपुरम और रावली महदूद क्षेत्र में औचक सत्यापन अभियान चलाया।
अचानक चले इस अभियान से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई और लोग पुलिस कार्रवाई से चौंकते नजर आए।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 407 लोगों का सत्यापन किया, जबकि 50 मकान मालिकों पर कुल 5 लाख रुपये का चालान किया गया। पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर किरायेदारों और घरेलू नौकरों की जानकारी जुटाई तथा उनका रिकॉर्ड तैयार किया।
सत्यापन के दौरान पुलिस ने लोगों के मूल निवास, कार्यस्थल, परिवार के सदस्यों की जानकारी और वर्तमान फोटो सहित सभी आवश्यक विवरण एकत्र किए। पुलिस द्वारा इस जानकारी के आधार पर एक मजबूत डाटा बेस तैयार किया जा रहा है, जिससे भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में संदिग्ध व्यक्तियों को आसानी से ट्रेस किया जा सके।
अभियान के दौरान क्षेत्र में ड्रोन कैमरे से भी निगरानी रखी गई, ताकि सत्यापन के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति मौके से फरार न हो सके और क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। पुलिस ने मोहल्लों में कई मकानों की भी जांच की।
सत्यापन के दौरान 20 ऐसे लोगों को चिन्हित किया गया, जो मौके पर कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके और न ही अपनी समुचित जानकारी दे पाए। पुलिस इनसे पूछताछ कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
थाना सिडकुल पुलिस ने बताया कि किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन कराने के लिए सोशल मीडिया, लाउडस्पीकर और अन्य माध्यमों से लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

