हरिद्वार सनत शर्मा :- ब्रेकिंग न्यूज़ | हरिद्वार
रोशनाबाद में विजिलेंस का बड़ा छापा, 50 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ी गई सुपरवाइजर
हरिद्वार। जनपद के रोशनाबाद स्थित विकास भवन में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब विजिलेंस टीम ने अचानक छापा मारकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। विजिलेंस की ट्रैप टीम ने रुड़की में तैनात बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर राखी सैनी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी सुपरवाइजर ने एक कर्मचारी से प्रमोशन दिलाने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी। मामले की शिकायत मिलने पर देहरादून सतर्कता सेक्टर की टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया और बुधवार को रिश्वत लेते समय आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम रोशनाबाद स्थित विकास भवन पहुंची, जहां संबंधित दस्तावेजों की जांच और अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के दौरान विजिलेंस अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और पूरे ऑपरेशन को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया।
इस कार्रवाई के बाद विभागीय महकमे में खलबली मच गई है। बताया जा रहा है कि मामले में आगे भी जांच जारी रहेगी और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

